संसद के मकर द्वार पर सत्ता-विपक्ष आमने-सामने, ‘चोर-चोर’ के नारों से गूंजा पूरा परिसर

संसद के मकर द्वार पर सत्ता-विपक्ष आमने-सामने, ‘चोर-चोर’ के नारों से गूंजा पूरा परिसर

नई दिल्ली: संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले गुरुवार सुबह संसद परिसर में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसद आमने-सामने आ गए। सुबह करीब 10:15 बजे बीजेपी और एनडीए के सांसद संसद के मकर द्वार के पास पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान कांग्रेस के सांसद भी सामने की ओर इकट्ठा हो गए।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बीजेपी और एनडीए सांसदों ने “राहुल गांधी शर्म करो”, “छात्रों का इस्तेमाल बंद करो” और “संसद में चर्चा होने दो” जैसे नारे लगाए।

वहीं कांग्रेस सांसदों ने “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” के नारे लगाए और पेपर लीक मामले को लेकर सरकार को घेरा। कुछ देर बाद कांग्रेस सांसदों के हाथों में ‘पेपर लीक’ लिखे पोस्टर भी दिखाई दिए।

करीब 10:25 बजे कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी भी संसद पहुंचीं और कांग्रेस सांसदों के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गईं। इसके बाद संसद परिसर में राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया।

दोनों पक्षों की ओर से लग रहे थे नारे

साढ़े दस बजे जब दोनों तरफ से सांसदों की संख्या ज्यादा होने लगी तो सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसद नारे लगाते हुए एक दूसरे की तरफ बढ़े और धक्का मुक्की की नौबत आ गई। तब सिक्योरिटी में लगे लोगों ने ह्यूमन चेन बनाकर उन्हें अलग अलग किया। फिर एक तरफ सत्ता पक्ष और दूसरी तरफ विपक्ष और बीच में सिक्योरिटी। दोनों तरफ से चोर-चोर के नारे जोर जोर से लगने लगे। एक वक्त आया जब पूरा संसद परिसर चोर-चोर के शोर से गूंजने लगा।

कुछ देर में प्रियंका गांधी भी पहुंची और सोनिया गांधी के साथ खड़ी हुई और फिर कांग्रेस की तरफ से नारेबाजी को वो लीड करने लगीं। इसके बाद कांग्रेस सांसदों के पास बड़ा बैनर भी आ गया। अब सत्ता और विपक्ष दोनों तरफ के सांसद एक साथ मकर द्वार के सामने अपनी अपनी जगह पर नारेबाजी करने लगे। एनडीए सांसदों की संख्या ज्यादा थी लेकिन नारेबाजी के मामले में कांग्रेस सांसद ज्यादा आगे दिखे और उनकी आवाज ज्यादा सुनाई दे रही थी।

नारेबाजी को लीड कर रही प्रियंका गांधी के साथ ही सोनिया गांधी भी आकर खड़ी हो गईं। 10.38 पर समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव आ गए और प्रदर्शन का हिस्सा बने। इसके कुछ सेकंड बाद ही राहुल गांधी भी पहुंचे। जहां प्रियंका गांधी लगतार नारेबाजी कर रहीं थी वहीं अखिलेश यादव नारेबाजी करते तो नहीं दिखे लेकिन लगातार मुस्कुरा रहे थे।

कुछ देर में राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी से कुछ कहा और फिर सोनिया गांधी से अंदर जाने को कहा। जिस वक्त प्रदर्शन हो रहा था उस वक्त काफी तेज धूप थी। सोनिया गांधी को अंदर भेजने के बाद राहुल गांधी ने अखिलेश यादव का हाथ खींचते हुए उन्हें खुद के और प्रियंका के बीच में यानी सेंटर में खड़े होने को कहा और अखिलेश मुस्कुराते हुए आ गए। दोनों तरफ से लगातार नारेबाजी चल रही थी। एनडीए सांसद मकर द्वार में पूरे ऊपर तक थे।

खरगे भी नारे लगाते दिखे। खरगे को नारे लगाते देख कुछ देर के लिए राहुल गांधी ने भी नारे लगाए। अखिलेश यादव ने खरगे से पूछा कि अब चलें, फिर राहुल, अखिलेश ने भी हामी भरते हुए कहा चलते हैं। क्योंकि सदन की कार्यवाही 11 बजे शुरू होती है। अखिलेश यादव ने सदन के अंदर जाने से पहले कहा कि इनकी (सरकार) एबिलिटी इतनी ही दिखाई देती है कि जो अकाउंट भर दे वही अकाउंटबिलिटी है इनके लिए तो। इसे हम बहुत करीब से देख रहे हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *