Pakur News: युवक को टक्कर मारने के बाद पकड़ी गई स्कॉर्पियो, भारी मात्रा में खैनी बरामद

Pakur News: युवक को टक्कर मारने के बाद पकड़ी गई स्कॉर्पियो, भारी मात्रा में खैनी बरामद

पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस ने सिद्धू कान्हू मुर्मू पार्क के पास एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को जब्त किया। प्रारंभिक जांच में वाहन के भीतर भारी मात्रा में ‘टिक टॉक खैनी’ (तंबाकू) लदा मिला। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

टक्कर के बाद पुलिस तक पहुंचा मामला

पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सिद्धू कान्हू मुर्मू पार्क के पास एक युवक को टक्कर मार दी। इसके बाद युवक ने वाहन का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रुकवाकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और वरीय अधिकारियों को अवगत कराया। बाद में एसडीपीओ कुमार गौरव भी घटनास्थल पर पहुंचे।

स्कॉर्पियो में मिले खैनी से भरे बोरे

वाहन की प्रारंभिक जांच के दौरान स्कॉर्पियो में बड़े-बड़े बोरों में खैनी लदी मिली। चालक ने भी वाहन में खैनी होने की पुष्टि की।

पुलिस द्वारा वाहन के दस्तावेजों की जांच में पता चला कि खैनी पश्चिम बंगाल के शमशेरगंज थाना क्षेत्र से लोड की गई थी और उसे महेशपुर ले जाया जा रहा था।

दंडाधिकारी की मौजूदगी में होगी विस्तृत जांच

एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है तथा चालक को हिरासत में रखा गया है। उन्होंने कहा कि दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति के बाद वाहन की विस्तृत तलाशी ली जाएगी, जिसके बाद बरामद सामग्री का सत्यापन कर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *