पाकुड़: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बुधवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और बीएलओ को मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित, अद्यतन और समावेशी बनाने के निर्देश दिए।
कई मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मध्य विद्यालय नरोत्तमपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या 214 एवं 215, मध्य विद्यालय वल्लभपुर के मतदान केंद्र 434 एवं 435 तथा कीताझोर के मतदान केंद्र 398, 399 एवं 400 का जायजा लिया।
उन्होंने एएसडीडी सूची, लंबित प्रपत्रों तथा घर-घर सत्यापन कार्य की समीक्षा करते हुए बीएलओ और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम जोड़ने पर दिया जोर
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाकर सूची को अधिक शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाना है।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उनके आवेदन तत्काल भरवाकर जमा कराए जाएं ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
23 से 25 जुलाई तक चलेगा विशेष घर-घर सत्यापन अभियान
डीसी ने बताया कि जिन मतदाताओं का सत्यापन अब तक नहीं हो सका है या जो बीएलओ एवं बीएलए-2 के स्तर पर भी ट्रेस नहीं हो पाए हैं, उनके लिए 23 जुलाई से 25 जुलाई तक विशेष घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान संबंधित मतदाताओं का सत्यापन कर आवश्यक प्रपत्र प्राप्त किए जाएंगे।
पारदर्शिता और समयबद्ध निष्पादन पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूत नींव है। उन्होंने बीएलओ और बीएलए-2 को आपसी समन्वय के साथ सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि अभियान की सफलता के लिए जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों का सहयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
निरीक्षण के दौरान एईआरओ सह अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया, अतिरिक्त एईआरओ सह कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, बीएलए-2, जनप्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

