नई दिल्ली: पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले 25 दिनों से ज्यादा समय से भूख हड़ताल पर हैं। अब उन्होंने केंद्र सरकार को चिट्ठी लिखकर अनशन खत्म करने की शर्त बताई है।
सोनम वांगचुक ने कहा कि अगर सरकार यह भरोसा देती है कि आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ कोई कानूनी या दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी, तो वह अपना अनशन खत्म कर देंगे। लेकिन अगर ऐसा आश्वासन नहीं मिलता है, तो वह भूख हड़ताल जारी रखेंगे।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह को लिखे पत्र में कहा कि आंदोलन में शामिल युवाओं का कसूर सिर्फ इतना है कि वे निष्पक्ष और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। इसलिए सरकार उनके खिलाफ कोई कार्रवाई न करने का स्पष्ट आश्वासन दे।
यदि ऐसा आश्वासन दिया जाता है, तो मैं इस विश्वास के साथ अपना अनशन समाप्त करूंगा कि सरकार ने न केवल मेरी अपील, बल्कि लाखों युवा भारतीयों की आकांक्षाओं को भी सुना है-सोनम वांगचुक
छात्रों में लोकतांत्रिक विरोध के प्रति जुनून दिखा
सोनम वांगचुक ने चिट्ठी में लिखा, “20 जुलाई 2026 को हुई चलो संसद यात्रा पुलिस की ज्यादतियों और असंगत बल प्रयोग के बावजूद पूरी तरह शांतिपूर्ण रही. पूरे देश और दुनिया ने उनके सब्र और लोकतांत्रिक विरोध के प्रति जुनून को देखा. मुझे उम्मीद है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में यह भरोसा किसी भी तरह के कानूनी मामलों, उत्पीड़न या इसमें भाग लेने वालों के विरुद्ध बदले की कार्रवाई से कमजोर नहीं होगा.”

