नई दिल्ली: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन लगातार जारी है। इसी बीच CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया है कि उनका WhatsApp अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया है।
सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, “मेरा WhatsApp अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया है। क्या WhatsApp बता सकता है कि ऐसा क्यों किया गया और किसके कहने पर यह कार्रवाई हुई?”
सौरव दास का यह दावा ऐसे समय सामने आया है, जब CJP नीट (NEET) पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन कर रही है। इस आंदोलन को कई विपक्षी नेताओं का समर्थन भी मिल रहा है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे समेत कई नेता छात्रों के समर्थन में सामने आए हैं। CJP की मांग है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया जाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा दें।
व्हाट्सएप की तरफ से इसपर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. सौरव दास के पोस्ट से ये भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनका अकांउट अस्थायी रूप से ब्लॉक किया गया है या फिर स्थायी रूप से ब्लॉक किया गया है.
बता दें कि व्हाट्सएप के नियम के अनुसार, अकाउंट पर कार्रवाई तभी होती है जब संबंधित अकाउंट द्वारा स्पैम गतिविधियां हो या बड़ी संख्या में यूजर रिपोर्ट हो या अनधिकृत व्हाट्सएप ऐप के इस्तेमाल किया जा रहा हो या फिर कोई संदिग्ध गतिविधि या सेवा शर्तों का उल्लंघन किया गया हो. सौरव दास का अकाउंट क्यों ब्लॉक हुआ है इसका कारण फिलहाल सामने नहीं आया है.

