Dhanbad News: निरसा और चंदनक्यारी में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की मांग, सांसद ढुल्लू महतो ने केंद्रीय कृषि मंत्री को सौंपा पत्र

Dhanbad News: निरसा और चंदनक्यारी में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की मांग, सांसद ढुल्लू महतो ने केंद्रीय कृषि मंत्री को सौंपा पत्र

धनबाद: क्षेत्र के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और वैज्ञानिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र सौंपकर निरसा (धनबाद) और सीमावर्ती चंदनक्यारी (बोकारो) क्षेत्र में कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) की स्थापना की मांग की है।

किसानों को वैज्ञानिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग

सांसद ने अपने पत्र में कहा कि धनबाद की पहचान भले ही औद्योगिक और खनन क्षेत्र के रूप में हो, लेकिन निरसा और चंदनक्यारी का बड़ा ग्रामीण इलाका कृषि पर निर्भर है। उपजाऊ भूमि तथा बराकर और दामोदर नदियों की उपलब्धता के बावजूद किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, वैज्ञानिक सलाह और विशेषज्ञों की सेवाएं समय पर नहीं मिल पा रही हैं।

उन्होंने आग्रह किया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के मानकों के अनुरूप निरसा अथवा सीमावर्ती चंदनक्यारी क्षेत्र में नया कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित किया जाए। साथ ही स्थायी केंद्र बनने तक एक कृषि विज्ञान उपकेंद्र संचालित करने तथा मिट्टी एवं जल जांच प्रयोगशाला स्थापित करने की भी मांग की गई है।

कृषि आधारित रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

पत्र में सांसद ने उल्लेख किया कि मैथन और पंचेत बांध के तटीय क्षेत्रों में कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित होने से सब्जी उत्पादन, डेयरी, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण जैसी कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

पलायन रोकने में मिलेगी मदद

सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के स्थानीय अवसर बढ़ने से युवाओं के पलायन पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से किसानों के हित में इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आग्रह किया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *