हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के साण्डी कस्बे में मंगलवार को नगर पालिका की पानी की टंकी पर बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया।इंदिरा पार्क परिसर में बनी पानी की टंकी की पाइपलाइन में लीकेज ठीक किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक पानी का दबाव बहुत ज्यादा बढ़ गया और वाल्व की प्लेट फट गई।
इसके बाद टंकी से तेज रफ्तार से पानी का फव्वारा निकलने लगा। कुछ ही मिनटों में आसपास की सड़कें पानी से भर गईं और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, अचानक हुए इस हादसे से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मरम्मत करते समय हुआ हादसा
घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की है। मिली जानकारी के अनुसार पानी की टंकी के ऑपरेटर समसुल लीकेज वाले वाल्व की मरम्मत कर रहे थे। तभी अचानक अत्यधिक प्रेशर के कारण वाल्व की प्लेट फट गई और तेज बहाव की चपेट में ऑपरेटर भी आ गए। गनीमत रही कि उन्होंने किसी तरह खुद को संभाल लिया और बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इंदिरा पार्क और मुख्य मार्ग के आसपास पानी ही पानी नजर आने लगा।
वाल्व फटने के साथ हुई तेज आवाज
नगर पालिका द्वारा नगर की पेयजल आपूर्ति के लिए बनाई गई इस टंकी में तकनीकी खराबी आने से कुछ समय के लिए जलापूर्ति भी प्रभावित हुई। फिलहाल पानी के तेज बहाव का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाल्व फटने के साथ ही तेज आवाज हुई और बड़ी मात्रा में पानी मुख्य मार्ग और इंदिरा पार्क परिसर में फैल गया। सड़क पर जलभराव हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। नगर पालिका के अधिकारियों बताया कि पाइपलाइन के वाल्व में लीकेज की समस्या थी, जिसे ठीक किया जा रहा था। अचानक दबाव बढ़ने से वाल्व क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने आश्वस्त किया कि मरम्मत कार्य तेजी से जारी है और जल्द ही नगर की वॉटर सप्लाई सुचारु रूप से शुरू कर दी जाएगी।

