पाकुड़: नगर थाना पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी के दो गैस सिलेंडर भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 177/26 दिनांक 19 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a), 317(2) एवं 3(5) में मामला दर्ज किया गया था।
चोरी कर बेचता था गैस सिलेंडर
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी सरफराज अंसारी, पिता सिराज अंसारी, निवासी पियादापुर, गैस सिलेंडरों की चोरी कर उन्हें बेचने का काम करता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मुरारी ठाकुर के घर से एक गैस सिलेंडर चोरी किया था। इसके अलावा रंजीत कुमार साहा की रविंद्र चौक के पास स्थित गुमटी का ताला तोड़कर वहां से भी गैस सिलेंडर चोरी करने का आरोप है।
निशानदेही पर बरामद हुए सिलेंडर
पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हरिणडंगा स्थित अल्ला हुसैन अंसारी की दुकान से चोरी के दो गैस सिलेंडर बरामद किए। इस मामले में अल्ला हुसैन अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया है।
मामले की जांच जारी
नगर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी की अन्य घटनाओं में भी आरोपियों की संलिप्तता रही है या नहीं।

