NEET UG 2026: खलारी के सगे भाई-बहन ने एक साथ NEET में हासिल की सफलता, क्षेत्र का बढ़ाया मान

NEET UG 2026: खलारी के सगे भाई-बहन ने एक साथ NEET में हासिल की सफलता, क्षेत्र का बढ़ाया मान

रांची/खलारी: झारखंड के खलारी के लिए गर्व का क्षण तब आया जब सगे भाई-बहन आर्यन सिन्हा और ईशा सिन्हा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। दोनों की उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।

आर्यन और ईशा ने हासिल की शानदार रैंक

केडी रोड, खलारी निवासी आर्यन सिन्हा ने NEET-UG 2026 में 521 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 21,956 हासिल की। वहीं उनकी बहन ईशा सिन्हा ने 491 अंक के साथ ऑल इंडिया रैंक 28,227 प्राप्त की।

आर्यन ने मेडिकल परीक्षा के साथ-साथ JEE Main में भी 95 पर्सेंटाइल हासिल कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया।

डीएवी खलारी से कोटा तक का सफर

दोनों भाई-बहन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, खलारी से प्राप्त की और दसवीं तक की पढ़ाई वहीं पूरी की। इसके बाद वे राजस्थान के कोटा गए, जहां 12वीं की पढ़ाई के साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी की।

पहले प्रयास में आर्यन, दूसरे प्रयास में ईशा को मिली सफलता

आर्यन ने अपने पहले प्रयास में ही NEET परीक्षा पास कर ली, जबकि ईशा ने दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की।

ईशा ने बताया कि वह एमबीबीएस काउंसिलिंग में भाग लेंगी। यदि एमबीबीएस में प्रवेश नहीं मिलता है तो वह बीडीएस की पढ़ाई करेंगी। वहीं आर्यन ने कहा कि वह मेडिकल और इंजीनियरिंग में से किस क्षेत्र को चुनना है, इस पर अभी अंतिम निर्णय लेंगे।

परिवार और विद्यालय में खुशी का माहौल

दोनों के पिता अजय सिन्हा सीसीएल में कार्यरत हैं, जबकि माता रूबी सिन्हा गृहिणी हैं। बच्चों की सफलता के बाद परिवार को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

डीएवी पब्लिक स्कूल, खलारी के प्राचार्य डॉ. कमलेश कुमार ने दोनों विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को बदलते शैक्षणिक परिवेश और प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं लगातार सीबीएसई बोर्ड, NEET और JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *