अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला देखने स्टेडियम पहुंचेंगे। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने इसकी जानकारी दी। फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 19 जुलाई (रविवार) को स्पेन और अर्जेंटीना के बीच न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 3 बजे शुरू होगा।
कैरोलीन लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप इस फाइनल मैच को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट अमेरिका की बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी करने की क्षमता को दिखाता है और फाइनल इसका शानदार समापन होगा।
ट्रंप विजेता टीम को वर्ल्ड कप की ट्रॉफी देंगे
फीफा के प्रेसिडेंट जियानी इन्फेंटिनो ने कहा है कि ट्रंप न्यूयॉर्क- न्यू जर्सी स्टेडियम में विजेता टीम को वर्ल्ड कप की ट्रॉफी देंगे. फीफा के प्रेसिडेंट ने स्विस मीडिया आउटलेट ‘ब्लू स्पोर्ट’ के साथ एक इंटरव्यू में कहा, “हां, उम्मीद है कि हम फाइनल में एक साथ ट्रॉफी देंगे. हमेशा से यही प्लान रहा है और पहले भी ऐसा ही होता आया है- जिस देश में फाइनल होता है, वहां के राष्ट्रपति फीफा प्रेसिडेंट के साथ मिलकर ट्रॉफी देते हैं.”
पिछला यानी 2022 का फीफा विश्व कप कतर में खेला गया था. विजेता टीम को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी ने इन्फेंटिनो के साथ मिलकर विजेता टीम को ट्रॉफी दी थी. रूस के 2018 के वर्ल्ड कप विजेता को व्लादिमीर पुतिन ने विनर टीम को ट्रॉफी सौंपी थी.
बता दें कि कतर में खेले गए 2022 के फीफा विश्व कप में लियोनल मेसी वाली अर्जेंटीना ने फ्रांस को हराकर खिताब जीता था. अब अर्जेंटीना लगातार दूसरा खिताब जरूर जीतना चाहेगी. दूसरी तरफ स्पने ने 16 साल के लंबे इंतजार के बाद फाइनल में जगह हासिल की है. इससे पहले स्पेन ने 2010 के फीफा विश्व कप में जगह बनाई थी और खिताब जीता था. अब देखना होगा कि अपने दूसरे फाइनल में स्पेन टीम कैसा परफॉर्म करती है.
