दिल्ली में फिर बारिश का अलर्ट! 16 से 29 जुलाई तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी

दिल्ली में फिर बारिश का अलर्ट! 16 से 29 जुलाई तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी

राजधानी दिल्ली में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने वाला है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 16 से 22 जुलाई के बीच दिल्ली के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

हालांकि पूरे सप्ताह लगातार बारिश नहीं होगी। बीच-बीच में धूप निकलने से गर्मी और उमस भी महसूस हो सकती है। यानी आने वाले दिनों में कभी तेज बारिश तो कभी उमस वाला मौसम देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि भारी बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या हो सकती है। इसलिए लोगों को घर से निकलने से पहले मौसम का ताजा अपडेट जरूर देख लेना चाहिए।

कहां-कहां होगी भारी बारिश?

मौसम विभाग के मुताबिक 16 से 22 जुलाई के दौरान दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इनमें हिमाचल प्रदेश में 19 से 22 जुलाई, उत्तराखंड में 18 से 21 जुलाई और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 से 21 जुलाई के दौरान कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं 21 जुलाई को जम्मू-कश्मीर में भी बहुत भारी बारिश का अनुमान है. 

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश की वजह से हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, अचानक जलस्तर बढ़ने और सड़कें बाधित होने जैसी स्थिति बन सकती है. वहीं मैदानी इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका रहेगी. इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. 

देश के बाकी हिस्सों का कैसा रहेगा मौसम?

IMD के अनुसार, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी अगले सप्ताह बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी. बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.  

23 से 29 जुलाई तक मानसून सक्रिय बना रहेगा

IMD के मुताबिक 23 से 29 जुलाई के दौरान भी उत्तर भारत में मानसून सक्रिय बना रहेगा. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है.

मौसम विभाग का यह भी कहना है कि इस दौरान पूर्वी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश, जबकि देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रहने का अनुमान है.  मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखें. भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन की ओर से जारी सलाह का पालन करें. 

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *