थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक पब में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हो गए।
अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में 22 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा किए। वीडियो में पब के मुख्य दरवाजे से आग की ऊंची लपटें और घना धुआं निकलता दिखाई दे रहा है। वहीं, अंदर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर निकलने की कोशिश करते नजर आए। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
आधी रात को पब में लगी आग
अधिकारियों का कहना है कि उन्हें आधी रात के आसपास बैंकॉक के उत्तरी हिस्से में स्थित ना लादप्राओ पब में आग लगने की सूचना मिली थी। बाद में घटनास्थल पर पहुंचे थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने बताया कि 27 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
थाई पीएम ने कहा कि पब में परफॉर्म कर रहे एक म्यूजिशियन ने उन्हें बताया कि बिजली जाने से पहले स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलते देखा था। फिर एक धमाके की आवाज सुनाई थी और तेजी से पूरी जगह घना धुआं भर गया। कई पीड़ित पब के पिछले हिस्से में बने रेस्ट रूम में पाए गए।
घटनास्थल पर रजिस्ट्रेशन डेस्क भी बनाया गया
समाचार एजेंसी एपी ने बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपुंट के हवाले से बताया कि 63 लोगों को अस्पताल ले जाया गया। इनमें 22 की हालत गंभीर है। अधिकारियों के सामने लोगों पीड़ितों की पहचान करने में मुश्किल हो रही है, क्योंकि कई लोगों के पास आईडी नहीं थी या वे बेहोश थे। घटनास्थल पर अपने प्रियजनों की जानकारी लेने आ रहे लोगों से जानकारी इकठ्ठा करने के लिए एक रजिस्ट्रेशन डेस्क भी बनाया गया है।
तस्वीरों में पब के अंदर का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आग ने कुछ मिनट के अंदर ही पब को चपेट में ले लिया। आग लगने के दौरान कुछ लोग जान बचाने के लिए टॉयलेट में छिप गए थे। बचाव टीमों को कई लोगों के शव टॉयलेट में ही मिले। अधिकारियों ने बताया फायरकर्मियों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में पब के अंदर का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। तस्वीरों में जली हुई मेजें और कुर्सियां नजर आ रही थीं।

