बेरमो/बोकारो थर्मल। गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने गुरुवार को बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी परियोजना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना प्रधान (एचओपी) सुशील कुमार अरजरिया के साथ बैठक कर विस्थापित परिवारों के अधिकार, बुनियादी सुविधाओं और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
विस्थापित परिवारों के लिए कई मांगें रखीं
बैठक के दौरान सांसद ने विस्थापित परिवारों के लिए PEP कार्ड जारी करने, नई बस्ती की भूमि का म्यूटेशन शीघ्र पूरा करने तथा विस्थापितों की अद्यतन सूची तैयार करने की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित परिवारों के बच्चों को स्कूल फीस में 50 प्रतिशत की रियायत दी जाए और डीवीसी अस्पताल में उन्हें बेहतर एवं नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मुफ्त बिजली और नए पावर प्लांट का भी उठाया मुद्दा
सांसद ने ऐश पोंड से संचालित हाईवा वाहनों की ओवरलोडिंग पर रोक लगाने, प्रस्तावित नए पावर प्लांट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) जल्द तैयार करने तथा डीवीसी क्षेत्र के निवासियों को प्रतिमाह 200 यूनिट नि:शुल्क बिजली उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
DVC प्रबंधन ने दिया सकारात्मक आश्वासन
बैठक के दौरान परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया ने सांसद द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए नियमानुसार चरणबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश महतो, दीपक महतो, जितेंद्र यादव, सचिन महतो, मंजूर आलम, मोनू कुमार, सागर तुरी सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

