सरायकेला। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय की ओर से गुरुवार को सरायकेला प्रखंड के पाण्ड्रा पंचायत भवन में लर्नर लाइसेंस (Learner Licence) शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन जिला परिवहन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव की उपस्थिति में किया गया।
105 आवेदकों ने कराया था स्लॉट बुक
शिविर में छोटा दावना, मुड़कुम, नुवागांव, पठानमारा, गोविंदपुर, पाण्ड्रा और ईटाकुदर पंचायत के उन आवेदकों की प्रक्रिया पूरी की गई, जिन्होंने पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया था। इस दौरान दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच और लर्नर लाइसेंस परीक्षा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराई गई।
कुल 105 अभ्यर्थियों ने शिविर के लिए स्लॉट बुक कराया था। इनमें 60 अभ्यर्थी सफल, 20 असफल रहे, जबकि 25 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
ऑनलाइन सेवाओं और सड़क सुरक्षा की दी गई जानकारी
शिविर के दौरान अभ्यर्थियों को लर्नर लाइसेंस एवं ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, स्लॉट बुकिंग, शुल्क भुगतान और परिवहन विभाग की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
जिला परिवहन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव ने नागरिकों से परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लर्नर लाइसेंस और ड्राइविंग लाइसेंस के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आवेदन एवं स्लॉट बुकिंग कर सेवाओं का लाभ लें।
उन्होंने वाहन चालकों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और सड़क सुरक्षा के प्रति हमेशा सजग रहने का आग्रह किया।

