धनबाद: ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECRKU) ने धनबाद मंडल में कार्यरत एक रनिंग कर्मचारी की मौत के मामले को गंभीरता से उठाते हुए पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक को पत्र भेजा है। यूनियन ने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने के साथ-साथ मृत कर्मचारी के आश्रितों को रेलवे नियमों के तहत सभी वित्तीय लाभ और अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने की मांग की है।
महाप्रबंधक को भेजा गया पत्र
ECRKU के महामंत्री एस.एन.पी. श्रीवास्तव ने महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि धनबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (ऑपरेशन) द्वारा रनिंग कर्मचारियों के साथ लगातार असंवेदनशील और अपमानजनक व्यवहार किए जाने से कर्मचारियों के बीच भय और मानसिक तनाव का माहौल बन गया है। यूनियन का कहना है कि इसका प्रतिकूल प्रभाव रेल संचालन और सुरक्षा पर भी पड़ सकता है।
निष्पक्ष जांच और अधिकारी के स्थानांतरण की मांग
यूनियन के अनुसार, दिवंगत रनिंग कर्मचारी स्वर्गीय बंगाली चंपिया, जो कोडरमा में सीएलआई के पद पर कार्यरत थे, कथित रूप से मानसिक तनाव में थे। पत्र में उल्लेख किया गया है कि 6 जुलाई 2026 को ड्यूटी के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मृत्यु हो गई।
यूनियन ने मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारी का तत्काल स्थानांतरण किया जाए।
वित्तीय सहायता और अनुकंपा नियुक्ति की मांग
ECRKU ने रेलवे प्रशासन से मृत कर्मचारी के आश्रितों को रेलवे नियमों के अनुसार दुर्घटना बीमा, एक्स-ग्रेशिया राशि और अन्य सभी देय वित्तीय लाभों का शीघ्र भुगतान करने की मांग की है। साथ ही, परिवार के पात्र सदस्य को नियमानुसार अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने का भी अनुरोध किया गया है।
कर्मचारियों के सम्मान और सुरक्षित कार्य वातावरण पर जोर
ईसीआरकेयू के अपर महामंत्री एवं वर्किंग कमेटी सदस्य मोहम्मद ज़ियाउद्दीन, ओ.पी. शर्मा, नेताजी सुभाष और नीलकमल खवास सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार और भयमुक्त कार्य वातावरण सुरक्षित रेल संचालन की बुनियाद है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई कर कर्मचारियों का विश्वास बहाल करेगा।

