जयपुर के हीरापुरा 200 फीट रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे मौजूद लोगों को कुचल दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में गुब्बारे बेचने वाले एक परिवार के तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेना के वाहन और एम्बुलेंस की जोरदार टक्कर
इससे पहले रविवार को अन्य मामले में श्रीगंगानगर जिले में तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक सूरतगढ़ के पास एनएच-62 पर एक निजी एंबुलेंस और सेना के वाहन की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में 3 की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बदाया कि यह हादसा केंचियां कस्बे के पास उस समय हुआ जब एंबुलेंस एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे सेना के ट्रक से वह टकरा गई।
बताया जा रहा है कि एंबुलेंस में एक महिला मरीज भी मौजूद थी, जिसे जयपुर के एक अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर लेकर जाया जा रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर जाम लगा रहा। मृतकों की पहचान लक्ष्मी देवी (26), एंबुलेंस चालक सतनाम सिंह (26) और महेंद्र कौर (56) के रूप में की है। वहीं रामप्रकाश और राजवीर घायल बताए जा रहे हैं। फिलहाल दोनों घायलों को उपचार के लिए सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं सेना ने एक बयान जारी कर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सेना ने कहा कि घटना की जांच के दौरान वह नागरिक प्रशासन को पूरा सहयोग दे रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।

