धनबाद: भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक और महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को धनबाद के सिटी सेंटर चौक स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता पार्टी की ओर से बरटांड़ मंडल अध्यक्ष हुल्लास दास की अध्यक्षता में किया गया।
प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा के सचेतक एवं धनबाद विधायक राज सिन्हा तथा भाजपा धनबाद महानगर प्रभारी संजीव विजयवर्गीय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों नेताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
राज सिन्हा ने बताया राष्ट्र एकता का प्रेरणास्रोत
विधायक राज सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित था। उन्होंने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” का उनका संदेश आज भी देशवासियों को प्रेरित करता है। उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का निर्णय डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा।
राष्ट्र प्रथम की भावना अपनाने का आह्वान
भाजपा महानगर प्रभारी संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन शिक्षा, राष्ट्रसेवा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने युवाओं से उनके विचारों और राष्ट्र प्रथम की भावना को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया वृक्षारोपण
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद विधायक राज सिन्हा और संजीव विजयवर्गीय ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव अग्रवाल, जिला महामंत्री मानस प्रसून, रूपेश सिन्हा, रुमकी गुप्ता, मौसम सिंह सहित कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

