सीरिया की राजधानी दमिश्क के अल-हिजाज इलाके में गुरुवार (2 जुलाई 2026) को एक बड़ा बम धमाका हुआ। यह विस्फोट पैलेस ऑफ जस्टिस (केंद्रीय कोर्ट) के पास स्थित एक व्यस्त कैफे में हुआ। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है और न ही धमाके के पीछे की वजह का आधिकारिक तौर पर खुलासा हुआ है।
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, सीरिया के गृह मंत्रालय ने बताया कि धमाके की सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी गई। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सरकारी मीडिया सना न्यूज के मुताबिक, धमाके में जान गंवाने वाले 5 लोगों और 10 घायलों को अल-मुज्ताहिद अस्पताल ले जाया गया है। वहीं, एक अन्य घायल का इलाज सीरियन रेड क्रिसेंट अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां विस्फोट के कारणों और इसके पीछे शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी हैं।
कुछ घंटों में पूरा सच सामने आ जाएगा- गवर्नर
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, दमिश्क के गवर्नर माहेर मारवां ने इस विस्फोट की निंदा करते हुए इसकी कड़ी आलोचना भी की है. उन्होंने कहा कि इस हमले के जिम्मेदार लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. आने वाले कुछ घंटों में पूरा सच सामने आ जाएगा और जिन भी लोगों ने सीरिया के नागरिकों का खून बहाया है, उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी.
उन्होंने कहा, ‘जब तक सीरिया एकजुट है, तब तक इस तरह के हमले देश को कमजोर नहीं कर सकते हैं. सीरिया की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार बड़े कदम उठाए जा रहे हैं और गृह मंत्रालय के काम करने के तरीके में पिछले कुछ महीनों के दौरान बहुत सुधार हुआ है’
हालात सुधरने में लगेगा वक्त
गर्वनर मारवां ने आगे कहा, ‘सीरिया को पूरी तरह से स्थिर होने के लिए अभी कुछ वक्त और लगेगा. गृह मंत्रालय ने पिछले कुछ महीनों में बेहतर काम किया है. हालांकि, शुरुआत में परिस्थितियां थोड़ी मुश्किल थी, लेकिन अब हालात लगातार सुधर रहे हैं और जो लोग सीरिया की सुरक्षा को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं, उन्हें एक-एक करके कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा. उन्होंने यही भी कहा कि सीरिया जितना ज्यादा स्थिर होगा, उतनी ही कुछ ताकतें इसे अस्थिर करने की कोशिश करेंगी.

