बेंगलुरु स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के मुख्यालय को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला। धमकी मिलने के बाद मुख्यालय में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे परिसर को खाली कराया और बम निरोधक दस्ते के साथ मिलकर मुख्यालय की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध या विस्फोटक वस्तु नहीं मिली।
जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने इस ईमेल को फर्जी धमकी बताया। हालांकि, मामले को गंभीरता से लेते हुए ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए जांच जारी है।
बढ़ाई गई ISRO और आसपास के इलाकों की सुरक्षा
देश के प्रमुख वैज्ञानिक संस्थान और इसरो के मुख्यालय में बम की धमकी मिलने की सूचना ने ही सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं. हालांकि, बम होने की सूचना मिलने के बाद इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू करते हुए जांच अभियान संचालित किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद बेंगलुरु पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इसरो मुख्यालय के साथ-साथ आसपास के इलाकों की भी सुरक्षा कड़ी कर दी है.
क्या बोले बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर?
इस संवेदनशील मामले में बेंगलुरु पुलिस से लेकर देश की शीर्ष सुरक्षा एजेंसियां तक अलर्ट पर हैं. इस संबंध में जानकारी देते हुए बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने कहा है कि इसरो मुख्यालय जैसी अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थान पर ऐसी धमकी को बेहद गंभीरता के साथ लिया जा रहा है. मामले में बेंगलुरु पुलिस देश की शीर्ष जांच एजेंसियों के साथ मिलकर जांच कर रही है.
उन्होंने आगे कहा कि इसरो में बम होने की धमकी ईमेल के जरिए मिली है. ऐसे में साइबर सेल ईमेल के आईपी एड्रेस, ईमेल भेजने वाले शख्स की पहचान और इसके पीछे उसका मकसद क्या था, इसका पता में पूरी तरह से जुटी हुई है.

