पत्रकार वार्ता में दी गई एसआईआर अभियान की जानकारी
पाकुड़ समाहरणालय सभागार में सोमवार को आयोजित पत्रकार सम्मेलन में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अरविंद कुमार लाल ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह अभियान 30 जून से शुरू होकर 29 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान जिले के सभी पात्र मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा ताकि मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।
बीएलओ घर-घर पहुंचाकर देंगे इन्यूमरेशन फॉर्म
डीडीसी ने बताया कि अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को दो प्रतियों में आंशिक रूप से भरा हुआ इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे। मतदाता को एक प्रति भरकर बीएलओ को वापस करनी होगी, जबकि दूसरी प्रति रसीद के रूप में अपने पास सुरक्षित रखनी होगी।
उन्होंने कहा कि समय पर जमा किए गए फॉर्म के आधार पर 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में संबंधित मतदाता का नाम शामिल किया जाएगा।
पहले से मैपिंग वाले मतदाताओं को दस्तावेज देने की जरूरत नहीं
अरविंद कुमार लाल ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं की पहले से विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार मैपिंग हो चुकी है, उन्हें फॉर्म जमा करते समय किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।
हालांकि, यदि किसी मतदाता की जानकारी विभागीय रिकॉर्ड से मेल नहीं खाती है, तो संबंधित व्यक्ति को बाद में नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा जाएगा। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल किया जाएगा।
अफवाहों से बचने की अपील
डीडीसी ने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची से जुड़े किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि सभी आधिकारिक जानकारी केवल निर्वाचन आयोग या जिला प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं पर ही आधारित होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों की अब तक मैपिंग नहीं हुई है, वे बीएलओ के घर आने पर सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज किया जा सके।
पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने पर जोर
डीडीसी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
बाइट – अरविंद कुमार लाल, डीडीसी, पाकुड़

