धनबाद: जिले में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को सदर अस्पताल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से किया गया। उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सन्नी राज ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा, उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, बड़ी संख्या में अभिभावक और नन्हे बच्चे उपस्थित रहे।
डीडीसी सन्नी राज ने कहा कि भारत पोलियो मुक्त देश है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की खुराक देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष से कम उम्र के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाई जानी चाहिए, ताकि वे पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से पूरी तरह सुरक्षित रह सकें।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत धनबाद जिले में लगभग 1,900 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। 28 जून को सभी बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस विशेष अभियान के दौरान जिले के 4.24 लाख से अधिक पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
डीडीसी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ तक अवश्य लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम से पहले चलाया जा रहा यह अभियान बच्चों को संभावित संक्रमणों से सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।
अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी बूथों और फील्ड टीमों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए हैं तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

