धनबाद में SIR 2026 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ अहम बैठक, मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण पर बनी रणनीति

धनबाद में SIR 2026 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ अहम बैठक, मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण पर बनी रणनीति

धनबाद: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision- SIR) 2026 कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर शनिवार को जिला निर्वाचन शाखा, धनबाद में राजनीतिक दलों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप निर्वाचन पदाधिकारी ने की, जिसमें जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष और प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में सभी राजनीतिक दलों से SIR-2026 कार्यक्रम को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग की अपील की गई। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची आवश्यक है, जिसमें सभी दलों की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों को अपने-अपने सभी मतदान केंद्रों पर जल्द से जल्द बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की नियुक्ति करने और उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इससे बीएलओ (BLO) द्वारा किए जा रहे घर-घर सत्यापन और प्रगणक कार्य को बेहतर समन्वय के साथ पूरा किया जा सकेगा।

इस अवसर पर मतदाता सूची की मैपिंग प्रक्रिया, घर-घर सत्यापन अभियान तथा प्रगणक फॉर्म (Enumeration Form) को सही तरीके से भरने की प्रक्रिया की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कहा कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

बैठक में सोशल मीडिया पर मतदाता पुनरीक्षण से जुड़ी अफवाहों और फर्जी खबरों से सतर्क रहने की भी अपील की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी सूचना के लिए केवल मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा किया जाए।

जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों का मतदाता सूची में पंजीकरण कराने का आह्वान किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *