गिरिडीह: झारखंड सरकार के नशा मुक्ति अभियान के तहत गिरिडीह नगर निगम द्वारा शुक्रवार को शहर में व्यापक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी बढ़ाना था। इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न समूहों के प्रतिनिधियों ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर लोगों को जागरूक किया।
नगर निगम परिसर से निकली जागरूकता रैली
जागरूकता रैली नगर निगम परिसर से शुरू होकर बड़ा चौक, शिव मोहल्ला, बस स्टैंड रोड सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः नगर निगम परिसर में संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
बैनर, पोस्टर और नारों के माध्यम से लोगों को बताया गया कि नशीले पदार्थ न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि परिवार और समाज के लिए भी गंभीर खतरा बनते हैं।
जनभागीदारी को बताया सफलता की कुंजी
रैली में नगर निगम की महापौर प्रमिला मेहरा, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ, उप नगर आयुक्त अब्दुल आलम, नगर मिशन प्रबंधक सुमित कुमार घोष, कंप्यूटर ऑपरेटर आनंद शर्मा, अर्बन प्लानर मंजूर आलम सहित निगम के अधिकारी, कर्मचारी और DAY-NULM की सामुदायिक संसाधन सेविकाएं शामिल हुईं।
महापौर प्रमिला मेहरा और नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ ने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से नशे पर पूरी तरह नियंत्रण संभव नहीं है। इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
हेल्पलाइन और उपचार सुविधाओं की दी जानकारी
रैली के दौरान नागरिकों को सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही नशा मुक्ति हेल्पलाइन, परामर्श केंद्रों और उपचार सुविधाओं की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों को समय पर उपचार और परामर्श उपलब्ध कराना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
नशामुक्त गिरिडीह का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त गिरिडीह और नशामुक्त झारखंड के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। नगर निगम ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके और समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाया जा सके।

