नई दिल्ली: देश में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और पेपर लीक मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन गुरुवार को छठे दिन में प्रवेश कर गया। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में सुधार, पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ कड़े कदम उठाने की मांग दोहराई। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.
सोनम वांगचुक ने किया बड़ा ऐलान
प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। सामाजिक नेता सोनम वांगचुक ने प्रदर्शन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि अगर सरकार 27 जून तक जनता के सवालों पर जवाबदेही नहीं दिखाती है, तो वह 28 जून से जंतर मंतर पर भूख हड़ताल शुरू करेंगे। सोनम वांगचुक ने अपने संदेश में कहा कि लोकतंत्र में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह जनता की चिंताओं को सुने और उनके प्रति जवाबदेह बने।
बृहस्पतिवार को प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड अभियान भी चलाया गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री मोदी को पोस्टकार्ड लिखकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। पोस्टकार्ड पर छात्रों और युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने और पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग भी दर्ज कराई। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, यह उनकी आवाज सरकार तक पहुंचाने का शांतिपूर्ण तरीका है। छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं। प्रदर्शनकारी कुसुम ने बताया कि हर साल किसी न किसी परीक्षा को लेकर विवाद सामने आता है। हम चाहते हैं कि सरकार इस समस्या का स्थायी समाधान निकाले और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करे।

