नई दिल्ली: नीट (NEET) परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी धरना शुक्रवार को सातवें दिन भी जारी रहा। बड़ी संख्या में छात्र और युवा कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होकर परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।
इसी बीच प्रदर्शन के दौरान एक अलग तरह का विरोध देखने को मिला। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के जन्मदिन के मौके पर सांकेतिक और तीखा विरोध दर्ज कराया। इस अनोखे प्रदर्शन ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा और सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया।
‘हैप्पी बर्थडे, प्रधान। प्लीज रिजाइन
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभिजीत दिपके जंतर-मंतर पर एक व्हाइटबोर्ड पर लिखते नजर आ रहे हैं- ‘हैप्पी बर्थडे, प्रधान। प्लीज रिजाइन।‘ इस दौरान पीछे खड़े प्रदर्शनकारी छात्र व्यंग्यात्मक लहजे में शिक्षा मंत्री के लिए जन्मदिन का गाना गा रहे हैं। इसके बाद दिपके ने कैमरे के सामने कहा, ‘धर्मेंद्र प्रधान जी, आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। कृपया देश के युवाओं पर एक एहसान कीजिए और अपने पद से इस्तीफा दे दीजिए। एक बर्थडे गिफ्ट के तौर पर हम आपको इस्तीफे का पत्र भी भेज सकते हैं, आपको बस उस पर अपना अंगूठा लगाना होगा।’
अभिजीत दिपके ने प्रधानमंत्री मोदी पर भी सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री दावा करते हैं कि उन्होंने रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को रुकवा दिया, लेकिन क्या वे देश में हो रहे पेपर लीक को नहीं रोक सकते? वे अपने एक मंत्री का इस्तीफा तक नहीं ले पा रहे हैं।’ उन्होंने आगे कहा कि इस धांधली के कारण डिप्रेशन में आकर अब तक करीब 17 छात्र खुदकुशी कर चुके हैं। दिपके ने आरोप लगाया कि न्याय मांगने और टैक्सपेयर्स के बच्चे होने के बावजूद सरकार उन्हें बातचीत के लिए बुलाने के बजाय ‘आतंकवादी’ कह रही है, जो बेहद निंदनीय है।

