धनबाद: जिले में पल्स पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम के तहत 28 जून 2026 से विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 4 लाख 24 हजार 729 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर समाहरणालय में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
28 से 30 जून तक चलेगा अभियान
सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि पल्स पोलियो कार्यक्रम 28 जून से 30 जून 2026 तक संचालित होगा। 28 जून को बच्चों को बूथों पर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी।
1976 बूथों पर होगी विशेष व्यवस्था
अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 1873 स्थायी बूथ, 79 ट्रांजिट बूथ, 16 मोबाइल टीम और एक विशेष 8 सदस्यीय टीम सहित कुल 1976 बूथों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा अभियान की निगरानी के लिए 392 सुपरवाइजर फील्ड में तैनात रहेंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने दवा की उपलब्धता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए 137 सब-डिपो भी बनाए हैं, जहां से सभी बूथों तक समय पर पोलियो की खुराक पहुंचाई जाएगी।
सदर अस्पताल से होगा अभियान का शुभारंभ
सिविल सर्जन ने बताया कि 28 जून को सुबह 8 बजे धनबाद सदर अस्पताल सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पल्स पोलियो अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने की अभिभावकों से अपील
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएं और पोलियो की खुराक दिलाएं। विभाग का कहना है कि बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है।
बैठक में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, डॉ. रोहित गौतम, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. दीपक कुमार, डीपीएम प्रतिमा कुमारी, डॉ. मंजु दास, डीपीसी रेखा कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

