काँकसा: पश्चिम बंगाल के काँकसा थाना क्षेत्र में एक बड़े माल हाइजैकिंग मामले का खुलासा हुआ है। गुरुग्राम से कोलकाता भेजे जा रहे करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये मूल्य के गारमेंट्स से लदे कंटेनर को कथित रूप से हाइजैक कर लिया गया था। हालांकि, काँकसा थाना पुलिस की सक्रियता से चोरी गया पूरा माल झारखंड से बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, इसी महीने की 1 तारीख को काँकसा के बाँसकोपा टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के किनारे एक संदिग्ध कंटेनर खड़ा मिला। कंटेनर के मालिक ने इसकी सूचना काँकसा थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
झारखंड में बदला गया चालक, फिर गायब हो गया माल
कंटेनर में गुरुग्राम से कोलकाता के लिए गारमेंट्स का बड़ा खेप भेजा गया था। बताया गया कि झारखंड पहुंचने के बाद मूल चालक ने वाहन की जिम्मेदारी दूसरे चालक को सौंप दी और घर चला गया। आरोप है कि नए चालक ने कंटेनर का पूरा माल कहीं और उतार दिया और वाहन को 31 मई को हाइजैक करने के बाद 1 जून को बाँसकोपा टोल प्लाजा के पास छोड़कर फरार हो गया।
जीपीएस ट्रैकर से खुला मामला
कंटेनर मालिक खेमराज बराल ने बताया कि वाहन में जीपीएस ट्रैकर लगा हुआ था। जब उन्होंने देखा कि कंटेनर काफी देर से एक ही स्थान पर खड़ा है, तो उन्होंने चालक से संपर्क किया। बातचीत के दौरान कंटेनर हाइजैक होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
झारखंड से बरामद हुआ पूरा माल
मालिक की शिकायत के आधार पर काँकसा थाना पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर झारखंड के पथरोल क्षेत्र में छापेमारी की। पुलिस ने चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर लिया और उसे काँकसा थाना लाया गया।
हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपी चालक अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस को धन्यवाद
मालिक खेमराज बराल ने कहा कि पुलिस की तत्परता के कारण न केवल कंटेनर बरामद हुआ, बल्कि करोड़ों रुपये का माल भी सुरक्षित वापस मिल गया। उन्होंने इस कार्रवाई के लिए काँकसा थाना पुलिस का आभार व्यक्त किया।

