धनबाद के 14 वर्षीय इनलाइन स्पीड स्केटर रुद्रांश शर्मा ने झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। रुद्रांश झारखंड के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने एसजीएफआई नेशनल्स एवं सीबीएसई नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है। अब उनका चयन अगस्त 2026 में बेल्जियम के ओस्टेंड में आयोजित होने वाली 58वीं फ्लैंडर्स ग्रां प्री प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस उपलब्धि पर बुधवार को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा धनबाद के अध्यक्ष रवि भूषण श्रीवास्तव एवं राजीव रंजन ने रुद्रांश शर्मा को कप एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित करते हुए उनकी उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अब तक अपने करियर में 42 पदक (25 स्वर्ण, 9 रजत एवं 8 कांस्य) जीत चुके रुद्रांश ने हाल ही में 12वीं रैंकिंग ओपन नेशनल स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक तथा 11वीं रैंकिंग ओपन नेशनल चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। उनकी उपलब्धियों के लिए झारखंड सरकार एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।
धनबाद निवासी रुद्रांश वर्तमान में जीडी गोयनका स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्र हैं। उनके पिता सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल एवं माता शिक्षिका हैं। उनका लक्ष्य एशियन गेम्स और विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए पदक जीतना है।

