पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार ने सोमवार को अपना पहला बजट पेश किया। वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता बजट पेश करते हुए कई घोषणाएं की। बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार को विरासत में 8.15 लाख करोड़ रुपये का कर्ज मिला। हमारा लक्ष्य राज्य की गौरवपूर्ण पहचान को बहाल करना और ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप ‘विकसित बंगाल’ का निर्माण करना है। बजट भाषण में बंगाल के वित्त मंत्री दासगुप्ता ने एक लाख सरकारी पद भरने का वादा किया। इसमें 33 प्रतिशत भर्तियां महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इसी के साथ उन्होंने विधायक निधि 70 लाख रुपये से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये करने की घोषणा की।
वित्त मंत्री ने की ये घोषणाएं
- पश्चिम बंगाल सरकार 20,000 पुलिस पदों, 50,000 शिक्षण पदों को भरेगी।
- सिविक पुलिस, होमगार्ड और ग्रीन पुलिस के मासिक वेतन में 2,000 रुपये की वृद्धि करेगी।
- सरकार महंगाई भत्ते (डीए) में 20 प्रतिशत की वृद्धि करेगी, जिससे यह कुल 38 प्रतिशत हो जाएगा।
- साथ ही सेवानिवृत्त पत्रकारों को 5,000 रुपये मासिक पेंशन मिलेगी।
- राजनीतिक कारणों से जेल में रहे लोगों को 10,000 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे।
- सुरक्षा-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य में आपातकालीन हेल्पलाइन सेवा ‘डायल 112’ की शुरुआत।
- अन्नपूर्णा योजना के लिए 36,000 करोड़ रुपये निर्धारित किए।
- इस योजना को सुगम बनाने के लिए जल्द ही ‘पिंक कार्ड’ प्रणाली शुरू की जाएगी।
- महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा प्रदान करने के लिए 550 करोड़ रुपये की घोषणा की।
बता दें कि राज्य में पहली बीजेपी सरकार के पहले पूरे बजट में सरकारी कर्मचारियों के लिए लोकलुभावन फैसले किए गए हैं। सरकारी कर्मचारियों को 18 प्रतिशत से अतिरिक्त 20 फीसदी एडिशनल डीए मिलेगा। वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने सोमवार को अपना पहला बजट पेश करते हुए बताया कि बढ़ा डीए दुर्गा पूजा से पहले 1 अक्टूबर 2026 से मिलेगा।

