फर्रुखाबाद: बिहार के चर्चित भारत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। संगठन ने मामले में शामिल दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
जिलाध्यक्ष अभिषेक दुबे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और भारत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। ज्ञापन में कहा गया कि भारत तिवारी का एनकाउंटर कथित तौर पर गलत तरीके से किया गया और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दी जानी चाहिए।
राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के पदाधिकारियों ने सवाल उठाया कि यदि भारत तिवारी ने आत्मसमर्पण कर दिया था, तो उनके खिलाफ की गई कार्रवाई की परिस्थितियों की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए। संगठन ने मांग की कि मामले में शामिल अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला प्रभारी देवेश नारायण अवस्थी, जिला मंत्री डॉ. अमित अवस्थी, जिला मंत्री सनी तिवारी, जिला विधिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष एडवोकेट विनय शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट अरुण दुबे, नानकराम दुबे, शिवम बाजपेई, अरुण मिश्र, नितिन दुबे, फतेहगढ़ नगर अध्यक्ष एडवोकेट दीपक गुप्ता, डॉ. प्रवीण कुमार त्रिपाठी और अनुज दुबे समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
संगठन ने राष्ट्रपति और केंद्र सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

