रांची/आरा: जनता दल (यूनाइटेड) झारखंड प्रदेश के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र तिवारी के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिहार के आरा जिले के बिलौटी गांव पहुंचकर भरत भूषण तिवारी के शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग और न्याय दिलाने के लिए संघर्ष का भरोसा दिया।
धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि भरत भूषण तिवारी की मौत बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि यदि किसी स्तर पर दोषी पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि जनता का विश्वास न्याय व्यवस्था में बना रहे।
उन्होंने कहा कि भरत भूषण तिवारी जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाते थे और समाज के लिए सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों को भी गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
जदयू नेता ने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों और सरकार के समक्ष भी इस मामले को उठाया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में जदयू के प्रदेश सचिव दिलीप पांडेय, पलामू जिला अध्यक्ष मनोज कुमार दुबे, जमशेदपुर जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।

