केंदुआ गोंदूडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत खरिकाबाद स्थित 7 नंबर हिलटॉप आउटसोर्सिंग के समीप रविवार दोपहर दिनदहाड़े बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने आटा मिल कर्मी उमेश यादव (45) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार मृतक उमेश यादव झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला निवासी थे । और गोधर स्थित आटा मिल में लंबे समय से कार्यरत थे। वह मिल में कैश कलेक्शन का काम संभालते थे। रविवार को भी वह ग्राहकों से पैसे कलेक्ट कर बाइक से मिल लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही उमेश यादव सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर गोंदूडीह ओपी, भूली ओपी और केंदुआडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्य
परीक्षण के लिए धनबाद भेज दिया है।
मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या लूट की आशंका जताई है। वहीं आटा चक्की मालिक रतन अग्रवाल ने बताया कि उमेश यादव पिछले कई वर्षों से कार्यरत थे और पूरी तरह भरोसेमंद कर्मचारी थे।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अपराधियों की पहचान में जुटी गई है।


