देशभर में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होने वाली हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के 23 जून के आसपास आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। इसके तहत मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कई अन्य हिस्सों में सक्रिय होने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी प्रवेश कर सकता है। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में इस सप्ताह भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। खासकर 21 जून को पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मानसून के जुलाई के पहले सप्ताह तक पहुंचने का अनुमान है। गौरतलब है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 8 जून से दक्षिण महाराष्ट्र के आसपास ठहरा हुआ था, लेकिन अब इसके फिर से सक्रिय होकर आगे बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
तटीय महाराष्ट्र और मध्य महाराष्ट्र में हीट वेव का अलर्ट है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में 25 तारीख तक हीट वेव की स्थिति रह सकती है। बिहार और तेलंगाना में 21 जून तक हीट वेव जैसी स्थितियां बनी रह सकती हैं। मध्य भारत और पूर्वी भारत में गरज, चमक के साथ तेज हवा चलने के आसार हैं।
उत्तर पूर्वी राज्यों में भारी बारिश दर्ज की गई
पिछले 24 घंटे में असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, उड़ीसा और झारखंड में भी भारी बारिश हुई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और विदर्भ में हीट वेव की स्थितियां बनी हुई हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान से सटे हुए जम्मू के क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। इसके अलावा एक साइक्लोन सर्कुलेशन लक्षद्वीप एरिया और एक सर्कुलेशन उत्तरी केरला के आसपास के क्षेत्रों में देखा जा रहा है।
22 तारीख तक नहीं होगा कोई खास बदलाव
उत्तर पश्चिम भारत में 22 तारीख तक कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। तेलंगाना में 21 तारीख तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 2 से 5° सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। महाराष्ट्र के ज्यादातर क्षेत्रों में 21 तारीख तक कोई खास बदलाव नहीं होगा, उसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।
इन राज्यों में अलर्ट जारी
अत्यंत भारी वर्षा के लिए पश्चिम बंगाल और सिक्किम में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, भारी बारिश का अलर्ट असम, मेघालय में है। उड़ीसा, पश्चिम बंगाल के साथ-साथ बिहार में भी भारी वर्षा संभावित है। तमिलनाडु और केरल में भी भारी वर्षा की संभावना है। भारी वर्षा का मुखौन पूर्वोत्तर के राज्य सिक्किम, तेलंगाना, महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल की तरफ रहने वाला है। 24 तारीख को तेलंगाना और तटीय महाराष्ट्र में भारी बारिश हो सकती है।

