पुलिस भर्ती के इंतजार में युवाओं को राहत, 16 हजार कांस्टेबल पदों पर जल्द नियुक्ति

पुलिस भर्ती के इंतजार में युवाओं को राहत, 16 हजार कांस्टेबल पदों पर जल्द नियुक्ति

पश्चिम बंगाल सरकार जल्द ही राज्य पुलिस और कोलकाता पुलिस में 16 हजार कांस्टेबलों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। शुक्रवार को राज्य सचिवालय नवान्न में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन 16 हजार अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, लेकिन ओबीसी आरक्षण से जुड़े कानूनी विवाद के कारण उनकी नियुक्तियां अब तक लंबित हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि कानूनी बाधाएं दूर होते ही भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे उम्मीदवारों को राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने ओबीसी आरक्षण को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है, लेकिन हमारी सरकार उक्त याचिका को वापस लेने की अर्जी शीर्ष अदालत में डाल चुकी है। सुप्रीम कोर्ट में अभी ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहा है और छह जुलाई को खुलेगा।

कोलकाता पुलिस में चार हजार कांस्टेबलों की नियुक्तियां की जाएगी

उन्होंने विश्वास जताया कि सुप्रीम कोर्ट खुलते ही मामले का निबटारा हो जाएगा और 16 हजार कांस्टेबलों की नियुक्ति प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके तहत बंगाल पुलिस में 12 हजार और कोलकाता पुलिस में चार हजार कांस्टेबलों की नियुक्तियां की जाएगी।मुख्यमंत्री ने इस दौरान यह भी बताया कि बंगाल सरकार की ओर से राज्य भर में आयोजित चार दिवसीय जनकल्याण शिविरों में 58 लाख से अधिक लोगों ने विभिन्न योजनाओं के लिए पंजीकरण कराया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि चार दिनों के दौरान प्रतिदिन कुल 1029 शिविर आयोजित किये गये। पूरे राज्य में कुल 4094 शिविर संचालित हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन शिविरों में विभिन्न राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में 70 लाख 81 हजार 177 लोगों ने जानकारी भी प्राप्त की। आंकड़े बताते हैं कि आयुष्मान भारत योजना लोकप्रियता में अन्य सभी योजनाओं को पीछे छोड़ते हुए आगे निकल गई है।

केवल आयुष्मान भारत योजना के लिए ही राज्य भर में चार दिनों के शिविरों में 22 लाख 23 हजार 370 लोगों ने आवेदन फार्म जमा किये, जबकि अन्नपूर्णा भंडार योजना के लिए जनकल्याण शिविरों में महज 8 लाख 15 हजार 359 आवेदन प्राप्त हुए।

16 हजार कांस्टेबलों की जल्द होगी भर्ती

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अन्नपूर्णा भंडारण योजना के लिए कुल आवेदनों की संख्या पहले ही बढ़कर एक करोड़ पांच लाख हो चुकी है। इन सभी आवेदनों का सत्यापन किया जा चुका है और एक जुलाई को इन लाभार्थियों के बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर किये जायेंगे।

मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि जनकल्याण शिविरों में 7 लाख 9 हजार 11 लोगों ने वीबी जीराम जी योजना के तहत नये जॉब कार्ड के लिए आवेदन किया है, जो एक जुलाई से राज्य में शुरू होगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्यभर में फिर से जनकल्याण शिविर आयोजित करने के संकेत भी दिये।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *