बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। कर्मचारियों का कहना है कि प्रशासन की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया है, जिसके चलते वे अपने आंदोलन पर कायम हैं। हड़ताल का सीधा असर मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर पड़ा है। प्रतिदिन करीब 25 लाख यात्रियों को सेवा देने वाली बेस्ट बस सेवा लगभग ठप हो गई है, जिससे लाखों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बसों के संचालन प्रभावित होने के कारण यात्रियों को मेट्रो, टैक्सी और ऑटो रिक्शा जैसे वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
बेस्ट संयुक्त कामगार कृती समिती के संयोजक उदय आम्बोणकर ने बताया कि कोई ठोस निर्णय न होने की स्थिति में, उन्होंने अपना आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है। कर्मचारियों की इस हड़ताल से मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर गहरा असर पड़ा है।
बस सेवा पर पड़ा क्या असर?
बेस्ट के बेड़े में कुल 2,766 बसें हैं, जिनमें से 2,517 निजी ऑपरेटरों से लीज पर ली गई हैं। हड़ताल के कारण, शुक्रवार को सड़कों पर केवल 48 बसें ही चल सकीं। दिन के पहले भाग में केवल 38 बसें ही सड़कों पर उतरीं, लेकिन पथराव की घटनाओं के कारण छह बसों को डिपो वापस लौटना पड़ा। कई यात्रियों को हड़ताल की जानकारी बस स्टॉप पहुंचने के बाद ही मिली। टैक्सी और ऑटो-रिक्शा चालकों द्वारा मनमाने ढंग से अधिक किराए वसूले जाने की शिकायतें भी सामने आईं, खासकर रेलवे स्टेशनों के बाहर।
- केईएम अस्पताल जैसे बड़े अस्पतालों में जाने वाले मरीजों को सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सामान्यतः वे उपनगरीय ट्रेनों से दादर या परेल जाकर बेस्ट बस पकड़ते थे, लेकिन हड़ताल के कारण उन्हें टैक्सी के लिए लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा।
- बसों की अनुपलब्धता के कारण, अभिभावकों को अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए व्यक्तिगत वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
- बेस्ट बस सेवा मुंबई में उपनगरीय रेलवे नेटवर्क के बाद दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक परिवहन साधन है, जो प्रतिदिन लगभग 75 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान करता है। बेस्ट बसें हर दिन लगभग 25 लाख यात्रियों को अंतिम-मील कनेक्टिविटी प्रदान करती हैं।
यात्रियों की बढ़ी मुश्किले
इस हड़ताल का सीधा असर मेट्रो सेवाओं पर पड़ा। महामुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MMMOCL) के अनुसार, शुक्रवार शाम 7 बजे तक विभिन्न मेट्रो कॉरिडोर पर कुल 2,48,453 यात्रियों ने यात्रा की, जो पिछले दिन की तुलना में 13,860 अधिक थी। मेट्रो लाइन 3 पर भी यात्रियों की संख्या में वृद्धि देखी गई। मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (MMRC) के अनुसार, इस कॉरिडोर पर शाम 7 बजे तक 1,81,716 यात्रियों ने यात्रा की, जो गुरुवार के 1,51,502 यात्रियों से 30,214 अधिक है। मुंबई मेट्रो वन के घाटकोपर-अंधेरी-वर्सोवा कॉरिडोर पर भी यात्रियों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई।
हड़ताल में पथराव, धमकी की घटनाएं भी हुई
बेस्ट के प्रवक्ता के अनुसार, शाम तक हड़ताल से संबंधित 26 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें पथराव की 10 घटनाएं, कर्मचारियों को धमकी देने के 10 मामले, बस के शीशे टूटने के तीन मामले और बसों के टायरों से हवा निकालने के तीन मामले शामिल हैं।

