धनबाद: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर धनबाद जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 21 जून 2026 को जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर पुनः आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
परीक्षा संचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा
बैठक के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा व्यवस्था के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया।
सात केंद्रों पर होगी परीक्षा
जिला प्रशासन के अनुसार 21 जून 2026 को धनबाद जिले के सात केंद्रों पर NEET (UG) 2026 परीक्षा आयोजित की जाएगी। इनमें शामिल हैं—
- पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय धनबाद नंबर-1
- डिग्री कॉलेज आरएसपी-2, जामाडोबा
- बीआईटी सिंदरी
- बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय
- आईआईटी (ISM) धनबाद
- एसएसएलएनटी कॉलेज, धनबाद
- आरएस मोर कॉलेज, गोविंदपुर
परीक्षा का समय
सामान्य अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। वहीं दिव्यांग (PWD) अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय प्रदान करते हुए परीक्षा शाम 6:15 बजे तक संचालित की जाएगी।
कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। साथ ही डीएलसीसी के सदस्यों को सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है।
निष्पक्ष परीक्षा कराना प्रशासन की प्राथमिकता
बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या कदाचार की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जाए। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष निगरानी की जाएगी।
बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्रीमती हेमा प्रसाद, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

