बिहार में अपराध को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की राह पकड़ ली है। सीएम सम्राट चौधरी ने सिवान में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपराधियों को चेतावनी दे दी। सम्राट चौधरी ने कहा कि अपराधी अपराध करना छोड़ दें। नहीं तो अपराधियों को बिहार छोड़ना होगा। और जो अपराधी ऐसा नहीं करेगा उसे फिर श्मशान जाना पड़ेगा।
अपराधियो को दिया गया सख्त चेतावनी
सीएम सम्राट चौधरी ने अपराधियों को सख्त चेतावनी दी हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी जाति या धर्म का अपराधी हो उसे बिहार छोड़ना होगा। अगर बिहार नहीं छोड़ेगा तो शमशान जाने के लिए तैयार रहे। क्योंकि अब उन्हें कहीं पनाह मिलने वाली नहीं है। एक तरफ बाबा हैं और दूसरे तरफ शुभेंदु आ गए हैं। भाग कर अब कहां जाओगे।
सिवान को मिला 415 करोड़ की सौगात
इसके पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को सिवान जिले के पचरुखी प्रखंड के पपौर गांव पहुंचे। यहां जिला प्रशासन और एनडीए के नेताओं ने सीएम का स्वागत किया। समारोह में दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले को करीब 415 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी है।
मुख्यमंत्री ने जमीनी हकीकत जानने की कोशिश की
सहयोग शिविर में आमलोगों को कोई परेशानी न हो इसको लेकर मुख्यमंत्री ने जमीनी हकीकत को जानने की कोशिश की। उन्होंने अलग अलग योजना के लाभुकों से बातचीत कर फीडबैक लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश के प्रधानमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सपनों को सकार कर रहा हूं। नीतीश कुमार के छोड़े हुए कामों को पूरा करने का काम करुंगा। बिहार में उद्योगों का जाल बिछेगा और सिवान में भी चीनी मिल शुरू होगी। इसको लेकर डीएम को जमीन चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार ने स्कूलों में योग्य शिक्षक भर दिए हैं। सभी स्कूलों के शानदार भवन भी बन गए हैं। अब शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की बारी है। उन्होंने कहा कि हर प्रखंड में ऐसा स्कूल तैयार होगा जहां अधिकारियों के भी बच्चे पढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि जिस दिन सिवान के डीएम का बेटा सरकारी स्कूलों में पढ़ेगा उसी दिन उनका सपना साकार होगा।

