धनबाद: झारखंड बास्केटबॉल संघ (JBA) के तत्वावधान में तथा धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ (DDBA) द्वारा आयोजित 26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ मंगलवार को के.के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, नीरो, गोविंदपुर में भव्य समारोह के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह की शुरुआत राज्य के विभिन्न जिलों से आए बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के आकर्षक मार्च पास्ट से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि, जमशेदपुर पूर्व के विधायक एवं झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सरयू राय ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ की अध्यक्ष डॉ. साधना कुमारी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।झारखंड बास्केटबॉल संघ के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच जे.पी. सिंह ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
मुख्य अतिथि सरयू राय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि झारखंड प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की धरती है और भविष्य में इसी प्रतियोगिता से निकलकर कोई खिलाड़ी भारतीय बास्केटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व कर सकता है।
कार्यक्रम में क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया। खिलाड़ियों एवं दर्शकों ने प्रस्तुति की सराहना की।इस अवसर पर झारखंड बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष एवं ओलंपियन हरभजन सिंह, पूर्व बियाडा अध्यक्ष विजय झा, डॉ. शिवानी झा, डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी, उदय कांत तिवारी, जुबैर आलम, दीपक केसरी, नरेंद्र सिंह, मोहन धारी, मीरा यादव, सुमित मंडल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए लगभग 400 बालक एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आगामी दिनों में लीग एवं नॉकआउट मुकाबलों के माध्यम से राज्य की सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन किया जाएगा।
पहले दिन के मुकाबलों के परिणामबालक वर्गपश्चिमी सिंहभूम ने हजारीबाग को 38-22 से हराया।टाटा स्टील ने रामगढ़ को 29-10 से पराजित किया।रांची ने छोटानागपुर को 44-12 से मात दी।बालिका वर्गबोकारो ने सरायकेला को 24-20 से हराया।

