सिर्फ एक फोन कॉल और खाते से उड़ गए 55 हजार रुपये, निरसा में साइबर ठगी का मामला

ATM में फंसा कार्ड, फर्जी हेल्पलाइन नंबर पर कॉल पड़ा महंगा; निरसा में 55 हजार रुपये की ठगी
ATM में फंसा कार्ड, फर्जी हेल्पलाइन नंबर पर कॉल पड़ा महंगा; निरसा में 55 हजार रुपये की ठगी

निरसा/धनबाद: धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ATM से पैसे निकालने गए एक व्यक्ति को फर्जी हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करना भारी पड़ गया और उसके खाते से 55 हजार रुपये निकाल लिए गए।

जानकारी के अनुसार, सिरपुरिया निवासी राम उज्जवल तिवारी एक बैंक के ATM से पैसे निकालने पहुंचे थे। इस दौरान उनका ATM कार्ड मशीन में फंस गया। कार्ड नहीं निकलने से परेशान होकर उन्होंने ATM बूथ में चिपके एक हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया।

फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी बताया और कार्ड निकालने में मदद करने का भरोसा दिलाया। बातचीत के दौरान उसने पीड़ित को ATM मशीन में पिन नंबर दर्ज करने को कहा। पीड़ित ने जैसे ही निर्देशों का पालन किया, कुछ ही मिनटों में उनके बैंक खाते से 55 हजार रुपये की निकासी हो गई।

मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का मैसेज आने के बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तत्काल बैंक को सूचना देकर अपना कार्ड ब्लॉक कराया और निरसा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। ATM बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फर्जी हेल्पलाइन नंबर की भी जांच की जा रही है।

पीड़ित के भाई राम सिंटू तिवारी ने घटना की जानकारी देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

पुलिस की अपील:

  • ATM बूथ पर चिपके किसी भी अनजान नंबर पर भरोसा न करें।
  • कार्ड फंसने की स्थिति में सीधे बैंक की आधिकारिक हेल्पलाइन या शाखा से संपर्क करें।
  • किसी भी व्यक्ति के साथ ATM पिन, OTP, CVV या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
  • साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *