दिल्ली, पुणे और लखनऊ में प्रदर्शन के बाद कॉकरोच पार्टी अब पंजाब पहुंच रही है. जानकारी के मुताबिक शनिवार 13 जून को कॉकरोच पार्टी पंजाब में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी. उम्मीद है कि अमृतसर गेट के पास बड़ी संख्या में युवा इकट्ठा होंगे. यह जानकारी कॉकरोच पार्टी के प्रमुख अभिजीत दिपके ने दी.
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दिपके ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए कहा, ‘नमस्कार साथियों, मैं कल 13 जून को शाम 4 बजे अमृतसर, पंजाब आ रहा हूं. सभी छात्र और युवा कल शाम 4 बजे अमृतसर गेट पर पहुंचें. मैं आपसे वहीं मिलूंगा. हम सब मिलकर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे. मुझे पूरी उम्मीद है कि अगर हम सब मिलकर आवाज उठाएंगे, तो नीट (NEET) और सीबीएसई (CBSE) के छात्रों को न्याय जरूर मिलेगा. आइए हम सब एक साथ आएं और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करें. वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह.’
आपको बता दें कि अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर कल अमृतसर में होने वाले इस प्रदर्शन के बारे में पंजाबी में जानकारी दी थी. प्रदर्शन की जानकारी देने से पहले, अभिजीत दिपके ने पंजाबी में सभी को ‘सत श्री अकाल’ कहा और प्रदर्शन की पूरी जानकारी देने के बाद, सीजेपी (CJP) प्रमुख ने ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ कहकर अपना भाषण समाप्त किया।
आपको बता देें कि सीजेपी (CJP) की शुरुआत मूल रूप से भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत द्वारा पिछले महीने की गई टिप्पणियों के एक व्यंग्यात्मक जवाब के रूप में हुई थी, जिसमें उन्होंने कुछ लोगों को “कॉकरोच” और “परजीवी” (पैरासाइट्स) कहा था. तब से, सीजेपी एक संगठित अभियान में बदल गई है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाखों लोग कॉकरोच पार्टी से जुड़ चुके हैं.
अभिजीत दिपके पिछले कुछ हफ्तों में सोशल मीडिया पर एक जाने-माने नाम के रूप में उभरे हैं. मूल रूप से महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले 30 वर्षीय अभिजीत को एक कुशल ‘पॉलिटिकल कम्युनिकेटर’ (राजनीतिक रणनीतिकार) माना जाता है. अमेरिका की प्रतिष्ठित बोस्टन यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में स्नातक (बैचलर्स) और पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में स्नातकोत्तर (मास्टर्स) की डिग्री रखने वाले दीपके ने अपने करियर का एक बड़ा हिस्सा भारतीय राजनीति की बारीकियों को समझने में बिताया है.
अभिजीत का करियर तब चर्चा में आया जब वे आम आदमी पार्टी (AAP) की सोशल मीडिया मैनेजमेंट टीम में शामिल हुए. उन्होंने 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान ‘आप’ के डिजिटल नैरेटिव को धार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. उनके सहयोगियों के अनुसार, अभिजीत की ताकत जटिल आंकड़ों और राजनीतिक घटनाक्रमों को सरल, प्रभावी और मजेदार मीम्स में बदलने की उनकी क्षमता है, जो आम आदमी से सीधे जुड़ते हैं.

