बी.आई.टी. सिंदरी में प्रो. डॉ. चन्द्रेश्वर ठाकुर को भावभीनी विदाई…

बी.आई.टी. सिंदरी में प्रो. डॉ. चन्द्रेश्वर ठाकुर को भावभीनी विदाई…

सिंदरी(SINDRI): बिरसा प्रौद्योगिकी संस्थान (बी.आई.टी.) सिंदरी के गणित विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. चन्द्रेश्वर ठाकुर के सम्मान में आज एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. पंकज राय ने की। इस अवसर पर संस्थान के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उनके दीर्घ एवं प्रेरणादायी सेवाकाल को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

प्रो. डॉ. चन्द्रेश्वर ठाकुर ने वर्ष 2001 में बिहार लोक सेवा आयोग (बी.पी.एस.सी.) के माध्यम से बी.आई.टी. सिंदरी में अपनी सेवाएँ प्रारम्भ की थीं। राज्य पुनर्गठन के पश्चात उनकी सेवाएँ झारखंड लोक सेवा आयोग (जे.पी.एस.सी.) के अंतर्गत समाहित हो गईं। अपने लगभग 25 वर्षों के गौरवपूर्ण कार्यकाल में उन्होंने एक उत्कृष्ट शिक्षक, प्रेरक मार्गदर्शक, समर्पित शोधकर्ता तथा सत्यनिष्ठ प्रशासक के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की।

उन्होंने परीक्षा नियंत्रक, स्टोर प्रभारी तथा छात्रावास अधीक्षक (वार्डन) सहित अनेक महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं सत्य के प्रति अटूट निष्ठा सदैव उनके व्यक्तित्व की विशेष पहचान रही। वे ऐसे व्यक्तित्व के धनी रहे जिन्होंने सिद्धांतों एवं सत्य के पक्ष में खड़े रहने में कभी संकोच नहीं किया, चाहे परिस्थितियाँ कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न रही हों।

समारोह में उपस्थित शिक्षकों एवं अधिकारियों ने उनके शैक्षणिक योगदान, प्रशासनिक दक्षता तथा विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की सराहना की। इस अवसर पर प्रो. डॉ. पंकज राय (निदेशक), प्रो. घनश्याम (टीपीओ प्रमुख), प्रो. राजीव वर्मा, प्रो. डॉ. कुणाल कुमार, प्रो. डॉ. प्रफुल्ल शर्मा, प्रो. डॉ. डी. के. तांती (डीन), प्रो. प्रकाश कुमार, प्रो. इम्तियाज अहमद, प्रो. अनिल रजक, प्रो. माया राजनारायण राय (डीन), प्रो. डॉ. अमित कुमार गुप्ता, प्रो. संग्राम हेम्ब्रम, प्रो. राजेन्द्र मुर्मू, डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. बीरेन्द्र राजवार, अपर्णा दास, अदिति मुखर्जी, प्रिया तथा दिनेश कुमार मंडल सहित अनेक गणमान्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने अपने विचार व्यक्त किए और प्रो. ठाकुर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण किया।

वक्ताओं ने कहा कि प्रो. डॉ. चन्द्रेश्वर ठाकुर का जीवन, कार्यशैली, अनुशासन, सत्यनिष्ठा तथा विद्यार्थियों के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। कार्यक्रम के अंत में संस्थान परिवार की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामनाएँ व्यक्त की गईं।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *