कोलकाता(WEST BENGAL): पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के गठन के लगभग एक महीने बाद मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को जानकारी दी कि सोमवार को राज्य मंत्रिमंडल का पूर्ण गठन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सोमवार सुबह 11 बजे लोकभवन में आयोजित समारोह में 35 नए मंत्री शपथ ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही राज्य मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 41 हो जाएगी।
मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, राज्यपाल आर.एन. रवि शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे और नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
गौरतलब है कि सरकार गठन के बाद से ही पूर्ण मंत्रिमंडल के गठन में हो रही देरी को लेकर विपक्ष और राजनीतिक विश्लेषक लगातार सवाल उठा रहे थे। ऐसे में सोमवार को होने वाला मंत्रिमंडल विस्तार राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में संभावित मंत्रियों के नामों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। भाजपा सूत्रों के अनुसार, नए चेहरों के साथ क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने पर विशेष ध्यान दिया गया है। अब सभी की निगाहें सोमवार को घोषित होने वाली मंत्री सूची पर टिकी हैं।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

