पश्चिम बर्दवान(WEST BENGAL): पश्चिम बर्दवान के आसनसोल स्थित इस्पात नगरी बर्नपुर में सड़क किनारे वर्षों से कारोबार कर रहे फेरीवालों ने आज अपनी दुकानें खुद ही हटानी शुरू कर दीं। दरअसल, सेल की ओर से त्रिवेणी मोड़ समेत विभिन्न इलाकों में सड़क के दोनों किनारों पर स्थित दुकानों को हटाने का नोटिस जारी किया गया था। चेतावनी दी गई थी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर दुकानें नहीं हटाई गईं तो बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।
नोटिस की समय सीमा समाप्त होने के बाद आज कई इलाकों में दुकानदार अपनी दुकानें समेटते नजर आए। फेरीवालों का कहना है कि वे वर्षों से यहां व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे, लेकिन अब उन्हें मजबूरी में दुकानें हटानी पड़ रही हैं। साथ ही उन्होंने अपने भविष्य और रोजगार को लेकर चिंता भी जताई।
इस मामले पर आसनसोल दक्षिण की विधायक और राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि सेल एक बड़ी कंपनी है और अपनी जमीन को लेकर निर्णय लेना उसका अधिकार है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग वास्तव में लंबे समय से वहां कारोबार कर रहे हैं, उनके पुनर्वास के दावे पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। वहीं हाल के वर्षों में आए लोगों के मामले को अलग नजरिए से देखा जाना चाहिए।
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि विस्थापित फेरीवालों के पुनर्वास और भविष्य को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।
NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

