सिंदरी(SINDRI): भारतीय जनता पार्टी सिंदरी नगर कमिटी के अध्यक्ष संजू महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सिंदरी में नवपदस्थापित एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो से शिष्टाचार मुलाकात कर उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर नगर कमिटी के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाओं के साथ एसडीपीओ महोदय का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। प्रतिनिधिमंडल ने सिंदरी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा पुलिस-प्रशासन और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
नगर अध्यक्ष संजू महतो ने कहा कि सिंदरी एक महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र है, जहां शांति, सुरक्षा और सुशासन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो के नेतृत्व में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा जनता को बेहतर सुरक्षा एवं सेवाएं प्राप्त होंगी।
एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने भी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का धन्यवाद देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन जनता के सहयोग से ही प्रभावी ढंग से कार्य कर सकता है। उन्होंने क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी वर्गों से सहयोग की अपेक्षा जताई।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने नए एसडीपीओ के आगमन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भाजपा प्रतिनिधिमंडल में नगर अध्यक्ष संजू महतो, शैलेश सिंह, विनय सिंह, गार्गी सिंह, शशि सिंह, रास बिहारी पाठक एवं मनन सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

