मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा का दायित्व ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न…

मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा का दायित्व ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न…

झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के सत्र २०२६–२७ का पदस्थापना समारोह हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में नई कार्यकारिणी को विधिवत दायित्व सौंपे गए तथा सेवा, संस्कार एवं संगठन की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धनबाद के मेयर संजीव सिंह थे। पदस्थापना पदाधिकारी के रूप में विशाल पड़िया ने नवगठित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मारवाड़ी सम्मेलन के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष जय प्रकाश देवरालिया, मारवाड़ी विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष चेतन गोयनका, प्रांतीय कोषाध्यक्ष विकास झाझरिया एवं मंडल ७ के मंडलीय उपाध्यक्ष आदित्य अग्रवाल उपस्थित थे।

सत्र २०२५–२६ के अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने अपने संबोधन में अपने कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनके नेतृत्व में झरिया शाखा द्वारा लगभग ३०० छोटे-बड़े कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। शाखा की उत्कृष्ट गतिविधियों एवं समाजसेवा के कार्यों के आधार पर झरिया शाखा को प्रांत की सर्वश्रेष्ठ शाखा का पुरस्कार प्राप्त हुआ, वहीं उन्हें श्रेष्ठ शाखा अध्यक्ष के सम्मान से नवाजा गया।

इस अवसर पर उन्होंने अपने कार्यकाल के विशेष पुरस्कारों की भी घोषणा की, जिसमें आशीष भुसानिया को सर्वश्रेष्ठ कार्यक्रम संयोजक, किरण शर्मा को श्रेष्ठ शाखा सदस्य तथा सनी अग्रवाल को सर्वश्रेष्ठ शाखा सदस्य के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने शाखा के सभी सदस्यों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों के कारण ही शाखा निरंतर नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर रही है।

मुख्य अतिथि संजीव सिंह जी ने अपने संबोधन में मारवाड़ी युवा मंच द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं सेवा कार्यों की सराहना करते हुए नई टीम को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम है और मंच निरंतर सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि समाजहित के कार्यों में जब भी आवश्यकता होगी, वे सदैव मंच के साथ खड़े रहेंगे।

इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पड़िया ने झरिया शाखा की सक्रियता एवं उपलब्धियों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि शाखा ने सेवा, संस्कार एवं संगठन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि झरिया शाखा के पूर्व अध्यक्ष विवेक लिल्हा को शीघ्र ही मारवाड़ी युवा मंच की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण दायित्व मिलने जा रहा है, जो झरिया शाखा एवं पूरे प्रांत के लिए गौरव की बात है। इस घोषणा पर उपस्थित सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए तालियों से उनका स्वागत किया।

इसके पश्चात विशाल पड़िया ने नव निर्वाचित अध्यक्ष किरण शर्मा को अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में किरण शर्मा ने संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने तथा सेवा, संस्कार एवं संगठन की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग से शाखा समाजहित के कार्यों को और अधिक व्यापक रूप से आगे बढ़ाएगी।

सत्र २०२६–२७ की नई कार्यकारिणी में नीतू नोटाका, चंदन पटवारी एवं पंकज जालुका को उपाध्यक्ष, सनी अग्रवाल को सचिव तथा नेहा मित्तल को कोषाध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया गया।

समारोह में सरायढेला शाखा अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, असीम अग्रवाल, अशोक शर्मा, गोपी किशन मंत्री, राजेश तुलस्यान, गोपाल कटेसरिया, रघुवीर गोयल, जया अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, संजय केडिया एवं महेश जालुका सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन शाखा के पूर्व अध्यक्ष ललित अग्रवाल ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। समारोह में उपस्थित सभी सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ देते हुए संगठन की निरंतर प्रगति, समाजसेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प दोहराया।

NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *