पटना(PATNA): मोकामा के JDU विधायक अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार और भोजपुरी सिंगर गुंजन सिंह पर दर्ज FIR मामले में आज हुई सुनवाई के बाद अनंत सिंह को बड़ी राहत मिली है। एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। हालांकि, गुंजन सिंह और अन्य आरोपियों को फिलहाल राहत नहीं मिली। मामले की अगली सुनवाई 30 मई को होगी।
सुनवाई के दौरान कोर्ट में वायरल वीडियो और भोजपुरी गाना ‘जजवे के खरीद लेब’ भी दिखाया गया। बचाव पक्ष ने दलील दी कि वीडियो से साफ है कि अनंत सिंह की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं दिख रही और यह मामला राजनीतिक साजिश के तहत दर्ज कराया गया है। साथ ही वीडियो से छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया गया। वहीं, अभियोजन पक्ष ने बताया कि 2 और 3 मई को हथियार प्रदर्शन से जुड़ा वीडियो वायरल हुआ था, जिसकी जांच जारी है। वीडियो को FSL जांच के लिए भी भेजा गया है। इस मामले में अनंत सिंह समेत 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

