बेलगड़िया में जल्द शुरू होगी लीज ट्रांसफर की प्रक्रिया…

बेलगड़िया में जल्द शुरू होगी लीज ट्रांसफर की प्रक्रिया…

धनबाद(DHANBAD): बेलगड़िया टाउनशिप में भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले लोगों को अलॉट किए गए फ्लैट के लीज ट्रांसफर की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इसे चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। प्रथम चरण में फेज 1 व 2 से इसकी शुरुआत की जाएगी। इसके बाद फेज 6, फेज 3, व फेज 4 में प्रक्रिया शुरू होगी। यह निर्देश उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने आज स्टार मार्क शिकायतों की समीक्षा के दौरान दिया।

दरअसल, उपायुक्त सभी अंचल अधिकारियों से संबंधित विभिन्न मामलों की समीक्षा कर रहे थे। इस क्रम में बलियापुर के अंचल अधिकारी ने बताया कि बेलगड़िया टाउनशिप के लिए बीसीसीएल द्वारा की गई भूमि अधिग्रहण के म्यूटेशन का काम अंतिम चरण में है। यह जल्दी पूरा हो जाएगा। इस पर हर्ष व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने कहा कि म्यूटेशन का काम पूरा होते ही चरणबद्ध तरीके से लीज की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

बैठक में उपायुक्त ने निरसा पॉलिटेक्निक, आरएसपी कॉलेज झरिया, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी का जिला कार्यालय, गोविंदपुर में सिटी फॉरेस्ट निर्माण के लिए भूमि उपलब्धता सहित अंचलों से संबंधित कई मामलों की समीक्षा की।

इसके अलावा उपायुक्त ने सरकारी जमीन को अतिक्रमण से बचाने तथा अतिक्रमित गैर आबाद भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे से संबंधित भूमि एवं अन्य लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण हेतु समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्देश भी दिया। साथ ही, एएनएम कॉलेज निर्माण समेत अन्य विकासात्मक कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र व स्वास्थ्य केंद्रों के लिए शीघ्र भूमि हस्तांतरित करने एवं अंचल में लैंड बैंक का अद्यतन रिकॉर्ड रखने का निर्देश दिया।

बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, डीसीएलआर दिलीप कुमार महतो, कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम के अलावा सभी अंचलों के अंचल अधिकारी मौजूद थे।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *