झारखंड(JHARKHAND): झारखंड इस समय भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। पलामू में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
गुरुवार को पलामू का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रांची का तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया गया। सुबह 10 बजे के बाद ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर साफ महसूस होने लगता है। राज्य के 12 से ज्यादा जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है।
पलामू, गढ़वा और चतरा जिले सबसे ज्यादा गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 22 से 26 मई तक तापमान में किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद समेत कई जिलों में तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने 23 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। सबसे ज्यादा बारिश धनबाद के पंचेत में रिकॉर्ड की गई। हालांकि गर्मी का असर अब भी बरकरार है। आने वाले दिनों में रांची का तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
भीषण गर्मी को देखते हुए लोग गमछा और पानी के साथ घर से निकल रहे हैं। मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने और हीटवेव से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

