रांची(RANCHI): रांची से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। राजधानी के मशहूर कारोबारी और कावेरी रेस्टोरेंट के मालिक आशीष भाटिया के बेटे अभिमन्यु भाटिया उर्फ लव भाटिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। शुरुआती जानकारी में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, तबीयत बिगड़ने के बाद लव भाटिया को लालपुर स्थित आर्केड अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया।
लव भाटिया राजधानी रांची के प्रसिद्ध होटल कारोबारी आशीष भाटिया के बेटे थे। भाटिया परिवार शहर में पंजाब स्वीट्स, होटल कैपिटल हिल और कावेरी रेस्टोरेंट जैसी कई प्रतिष्ठित व्यावसायिक संस्थाएं संचालित करता है। लव भाटिया सर्कुलर रोड स्थित कावेरी रेस्टोरेंट की देखरेख करते थे।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2016 में लव भाटिया पर जानलेवा हमला भी हुआ था। वहीं साल 2009 में उनका अपहरण होने की घटना ने पूरे रांची शहर को हिला दिया था। उस समय पुलिस ने हजारीबाग में विशेष अभियान चलाकर उन्हें सकुशल बरामद किया था।
फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद कारोबारी और सामाजिक जगत में शोक का माहौल है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिवार और करीबी लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले पर सभी की नजर बनी हुई है।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

