केंदुआडीह(DHANBAD): झरिया विधायक रागिनी सिंह के खिलाफ भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष श्रवण राय द्वारा दिए गए कथित अपमानजनक बयान को लेकर बुधवार को केंदुआ हनुमान मंदिर के समीप महिलाओं एवं युवाओं का आक्रोश देखने को मिला। विधायक समर्थकों और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय का पुतला दहन किया तथा उनके इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि एक महिला जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह की अभद्र टिप्पणी किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि श्रवण राय द्वारा लगातार व्यक्तिगत एवं अमर्यादित बयानबाजी की जा रही है, जिससे महिलाओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि जल्द ही भाजपा नेतृत्व द्वारा श्रवण राय पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने कहा कि झरिया विधायक रागिनी सिंह क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लगातार उठाती रही हैं और उनके खिलाफ इस प्रकार की बयानबाजी पूरी तरह निंदनीय है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में कुछ देर तक माहौल गरमाया रहा। मौके पर मौजूद समर्थकों ने भाजपा नेतृत्व से मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाध्यक्ष के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट
